अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नवरात्र से ही मौसम लगातार ठंडा हो रहा है। शाम होते ही सर्दी का असर महसूस होने लगा है। आधीरात के बाद से सुबह के समय तक ओस पड़ रहे है। शाम के बाद तापमान तेजी से नीचे आ रहा है। शुक्रवार को पूरे दिन धुंध छाई रही। दोपहर बाद तो धुंध के सामने धूप भी गायब रही।
सुबह-शाम को ठंड के चलते लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि बीते दिन अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले कुछ दिन से मौसम में लगातार बदलाव दर्ज किया गया है। शुक्रवार सुबह कोहरा रहा। धुंध की चादर दोपहर देर शाम तक शहर व क्षेत्र को आगोश में लिए रही।
फिजिशियन डॉ. दीपक चौरसिया ने धुंध छाए रहने पर सांस व अन्य रोग से पीड़ितों को इस मौसम में बचकर रहने की सलाह दी है। उन्होंने मास्क आदि का प्रयोग करने पर भी जोर दिया। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय अयोध्या के मौसम विज्ञानी डाॅ. अमरनाथ मिश्र ने शनिवार को अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।