संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया/विक्रमजोत। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में जिले के परशुरामपुर, विक्रजोत व दुबौलिया ब्लॉक के गांव बाढ़ की चपेट में हैं। जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी हाईवे के दोनों ओर फैल रहा है।
केंद्रीय जल आयोग अयोध्या की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को जलस्तर खतरे के निशान 92.73 से 49 सेमी ऊपर यानी 93.22 मीटर दर्ज किया गया। एडीएम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि जिले के 28 गांव बाढ़ प्रभावित हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
विक्रमजोत प्रतिनिधि के अनुसार, बाढ़ का पानी विक्रमजोत व परशुरामपुर ब्लॉक क्षेत्रों परेशानी पैदा कर रहा है। घघौवा पुल के रास्ते नदी का पानी परशुरामपुर के माचा, कंचनापुर, रिधौरा, परवरपरा व जगन्नाथपुर गांव तक पहुंच गया है। स्थानीय निवासी जगदंबा प्रसाद यादव, अजय कुमार मौर्य, रामजीवन जयसवाल, उदय राज मौर्य, आदि ने बताया कि फसलों में पानी भर गया है जिससे नुकसान का डर सता रहा है। विक्रमजोत ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित गांव कल्यानपुर व भरथापुर के संपर्क मार्ग पर करीब दो फीट पानी भर गया है। कल्यानपुर प्रधान प्रतिनिधि, अभिषेक शर्मा, कोटेदार हेमंत पाण्डेय, केशव चंद्र पांडेय आदि ने बताया कि गांव चारों ओर पानी से भर गया है। जिससे आने जाने मेें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार, सरयू का जलस्तर बढ़ने से अति संवेदनशील तटबंध कटरिया-चांदपुर व गौरा-सैफाबाद पर पानी का तेज दबाव बना हुआ है। गौरा-सैफाबाद तटबंध पर पारा गांव के ठोकर नंबर चार का पूर्वी तरफ का कुछ हिस्सा बैकरोल के कारण बैठ गया। आनन फानन में बाढ खंड इसकी मरम्मत शुरू कर चुका है। इसी तटबंध पर टकटकवा से दलपतपुर गांव के सामने तक पानी का दबाव बहुत तेज है। मैरुंड गांव सुविखा बाबू व आंशिक टेढवा के ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ती जा रहीं हैं। किशुनपुर-मोजपुर रिंगबाध के करीब बाढ़ का पानी पहुंच चुुका है। एसडीओ हरिश्चंद्र ने बताया की बैकरोल के चलते ठोकर का कुछ हिस्सा बैठ गया है। मरम्मत कार्य जारी है स्थित नियंत्रण में है।
सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार, कुआनों नदी के गंभीर गढ़पुरवा में करीब 10 परिवार रहते हैं। पुरवा निवासी रोशनलाल यादव, रामचंद्र्र, रामसंवारे, राम उजागिर ने बताया नदी के बढ़ने से पानी घरों में घुसने को आतुर है। नाव के सहारे ही जरूरतें पूरी हो पा रही है। ग्राम पंचायत बस्थनवां भी पानी की चपेट में आ चुका है। जलस्तर बढ़ने से चौराघाट से तहसील तक जाने वाली सड़क जलमग्न हो गया है। तहसीलदार भानपुर केशरीनंदन त्रिपाठी ने बताया कि हल्का लेखपालों को निर्देश दिया गया है बाढ़ ग्रसित क्षेत्रों का सर्वे कर रिपोर्ट दें। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ितों का सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पानी में खड़े होकर किया प्रदर्शन
गौर। विसुही और कुआनों नदी का जलस्तर बढ़ने से ब्लॉक के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। समस्याओं को देखते हुए गौर तृतीय से सपा जिला पंचायत सदस्य शंकर प्रसाद यादव माझा मानपुर मार्ग पर पानी में घुसकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि करीब हफ्ताभर से बिसुही और कुआनों नदी का जलस्तर बढ़ने से माझा मानपुर, आईला, पगारे व खदरा गांव बाढ़ की चपेट में आ गए है। जिससे किसानों की फसलें खराब हो रही है और प्रशासन लोगों की कोई मदद नहीं कर रहा है। मौके पर प्रधान सुभाष चौधरी, संजय यादव, संदीप मौर्य, विकास, राकेश प्रजापति, नंदकिशोर, राजेश आर्य, अनिल यादव, सोनू वर्मा आदि मौजूद रहे।