नगर बाजार (बस्ती)। शादी की खुशियां पांच दिन बाद ही गम में बदल गई। थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमौर निवासी 26 वर्षीय राहुल चौहान की शादी 23 नवंबर को मऊ जिले के सिस्टी पट्टी गांव निवासी बेचू चौहान की बेटी शिंकी चौहान के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार की देर रात राहुल बाइक से मौसी को उनके घर छोड़ने गया था। लौटते वक्त तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा बृहस्पतिवार की देर रात तब हुआ जब राहुल अपनी मौसी कुनुरा देवी को बाइक से संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में छोड़कर लौट रहा था। वह कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम छरदही के पास पहुंचा ही था, तभी तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
-
परिवार का कमाऊ सदस्य था राहुल
राहुल घर पर रहता था। आठवीं तक पढ़ाई के बाद से वह टाइल्स लगाने का काम कर परिवार का गुजर-बसर करने लगा था। परिवार में उसकी मां फूलमती व पिता राम बहादुर चौहान के अलावा बड़ी संगम, कंचन, कुरमणि व सत्यभामा व लक्ष्मी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन अंतिमा की शादी नहीं हुई है।
-
शिंकी की दुनिया पल भर में हो गई विरान
शादी की मेहंदी अभी हाथों से पूरी तरह उतरी भी नहीं थी कि मंगलसूत्र हमेशा के लिए भारी हो गया। महज पांच दिन पहले दुल्हन बनी शिंकी चौहान विधवा बन गई। क्योंकि उनका पति राहुल चौहान सड़क हादसे में चंद पलों में दुनिया से विदा हो गया। शादी के सिर्फ 96 घंटे बाद आई यह खबर सुनते ही दुल्हन शिंकी चौहान बेहोश हो गई। मायके और ससुराल दोनों तरफ मातम पसर गया। राहुल के पिता राम बहादुर चौहान ने बताया कि बेटा बहुत खुश था। नई जिंदगी शुरू होने वाली थी कि अचानक पता नहीं क्या हो गया कि बेटा जिंदगी से चल बसा।