बस्ती। रात के सन्नाटे में एक तेज रफ्तार ट्रक ने गांधीनगर मार्ग पर बीएसए भवन के निकट बृहस्पतिवार की रात बिजली के खंभे पर जोरदार टक्कर मार दी। बाद में ट्रक चालक मय वाहन फरार हो गया। टक्कर से बिजली का एक पोल बुरी तरह टूटकर लटक गया। जबकि अन्य पोल भी तारों में खिंचाव से झटका लगने के कारण लटक गए। हादसे के बाद गांधीनगर क्षेत्र की बिजली गुल हो गई, जो शुक्रवार की शाम छह बजे तक नहीं ठीक हो सकी।
बता दें कि बिजली के खंभे से ट्रक की भिड़ंत होने के कारण अमहट उपकेंद्र की 11 केवी गांधीनगर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ देर के बाद उपकेंद्र पर सूचना होते ही मरम्मत टीम पहुंची। लेकिन, रात होने की वजह से क्षतिग्रस्त खंभे और लाइन दुरुस्त करने में असमर्थता जताई गई। जिससे लोग पूरी रात अंधेरे में बिताए। गांधीनगर क्षेत्र के आधे हिस्से में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। तुरकहिया, मिल्लतनगर, अहमदनगर, गांधीनगर बाजार क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप रही।
सुबह होने के बाद सीढि़यों के साथ मरम्मत टीम पहुंची। यहां क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर दूसरा पोल लगवाया गया। इसके अलावा अन्य लोहे के खंभे भी कुछ हद तक सीधे किए गए। लेकिन, लगभग पांच से छह लोहे के विद्युत खंभे अभी भी सड़क की तरफ लटके हुए हैं। जिन्हें पूर्ण रूप से सीधा नहीं किया जा सका। दिन भर मरम्मत कार्य होने के कारण तीन बजे तक गांधीनगर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप रही।
तुरकहिया के बसंत कुमार ने बताया कि लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण सुबह हम लोग पानी के लिए तरस गए। घर में इनवर्टर भी बोल गया। रविंद्र कुमार ने बताया कि रात में अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने बिजली के खंभे पर टक्कर मार दी। शोर सुनकर जब तक हम लोग घर से बाहर निकलते ट्रक चालक मय वाहन फरार हो गया। बिजली न रहने से बाजार क्षेत्र में दिन भर जनरेटर की आवाज गूंजती रही। जिनके पास जनरेटर की सुविधा नहीं थी उनकी दुकानों और घरों में अंधेरा छाया रहा।
कोट
अमहट उपकेंद्र की 11 केवी लाइन और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर पूरे दिन मरम्मत टीम को लगाया गया था। दोपहर बाद क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक कर लिया गया। तब जाकर आपूर्ति सुनिश्चित हो पाई।
-शुभम पांडेय, एक्सईएन प्रथम।