पुरानी बस्ती। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सत्याग्रह एक्सप्रेस के जनरल कोच से 5 किलो 500 ग्राम चरस बरामद की। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में मादक पदार्थ को ले जाने वाले कैरियर की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, लखनऊ द्वारा गठित आरपीएफ टास्क टीम ने रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बस्ती और जीआरपी बस्ती के सहयोग से गाड़ी संख्या 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान ट्रेन के जनरल कोच से लावारिस अवस्था में 5.50 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
बरामद चरस को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद जीआरपी बस्ती को सुपुर्द कर दिया गया है। जांच एजेंसियां अब चरस को ट्रेन में छोड़कर फरार हुए तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।
अभियान में आरपीएफ टास्क टीम के उप निरीक्षक राकेश कुमार प्रजापति का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपित को पकड़ा जाएगा।