पशु तस्करों ने कोतवाल पर किया फायर, एक गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने पटेल चौक के पास की थी घेराबंदी, 10 किलोमीटर दूर डीसीएम छोड़ कर भागे तस्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली थाने के पटेल चौक पर शुक्रवार सुबह पांच बजे गोवंशीय पशुओं के तस्करों को पकड़ने की कोशिश के दौरान कोतवाल पर फायर किया गया। पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश भी की गई। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को पकड़ लिया। पीछा करने पर तस्कर भाग निकले। डीसीएम से पुलिस ने 12 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया। तस्कर से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सीतापुर निवासी चार नामजद और चार अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल रामपाल यादव ने बताया कि सूचना मिली कि शुक्र वार सुबह करीब पांच बजे एक डीसीएम फैजाबाद की तरफ से गोवंशीय पशुओं को लादकर बस्ती के रास्ते बिहार जाएगी। इसके बाद पुलिस टीम ने पटेल चौक के पास घेराबंदी की। चौक के ब्रेकर पर जब डीसीएम धीरे हुई तो एक ओर एसआई दिलीप कुमार सिंह व दूसरी ओर से वे स्वयं वाहन के पायदान पर चढ़ गए। अंदर सवार लोगों को गाड़ी रोकने को कहा गया। हाथापाई में भीतर बैठे एक शख्स ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। इसी बीच वे एक शख्स को लेकर नीचे गिर पड़े और चालक ने वाहन को भगा लिया। इस दौरान एसआई रामकृपाल पांडेय व पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश भी की गई। पकड़े गए तस्कर को लेकर पुलिस टीम ने डीसीएम का पीछा किया। करीब दस किलोमीटर दूर जाकर तस्कर डीसीएम खड़ी कर मेंहदावल रोड की ओर भाग निकले। डीसीएम से 12 गोवंशीय पशु मुक्त कराए गए।
कोतवाल रामपाल यादव ने बताया उनकी तहरीर पर एजाज हुसैन उर्फ शब्बू, इसरार अली, मेहरूद्दीन निवासी अर्जुनपुर खैराबाद थाना खैराबाद जनपद सीतापुर, चालक मोबिन पता अज्ञात व अन्य चार अन्य अज्ञात के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।