पैकोलिया में दर्ज है प्राण घातक हमले का मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
पैकोलिया (बस्ती)। साले पर तमंचे से फायर करने वाले नगर पंचायत बभनान निवासी कादिर को पुलिस ने मंगलवार को पकड़ लिया। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया शिवाकान्त मिश्र ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
नगर पंचायत बभनान के वार्ड नंबर छह निवासी सिराज अहमद अपने घर के बाहर बैठे थे। आरोप है कि रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक पर सवार होकर कादिर अपने दो साथियों को लेकर पहुंचा और अपशब्द कहते हुए फायर कर दिया। संयोग अच्छा था कि गोली नहीं लगी। पुलिस ने सिराज की तहरीर पर कादिर व अन्य पर प्राण घातक हमला करने का मुकदमा दर्ज किया था।
बहन को भगा ले गया था कादिर
सिराज अहमद का कहना है कि उसकी बहन को मोहल्ले का रहने वाला कादिर एक वर्ष पहले बहला फुसलाकर भगा ले गया था और शादी कर ली थी। तब से दोनों परिवारों में रंजिश है। घटना के दिन सिराज की बहन उसके घर पहुंची। घर के लोगों ने उसे अंदर नहीं जाने दिया तो वह नाराज होकर कादिर के पास गई और जानकारी दी। इसी गुस्से में कादिर अपने दो सहयोगियों को लेकर पहुंच गया और तमंचे से फायर कर दिया।