डेरे में लगी आग से सामान और चार बीघा गन्ना जला
तीन बकरियों की झुलसने से मौत, दो घंटे की कोशिश के बाद बुझी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
परशुरामपुर। थाना क्षेत्र के सलेमपुर पांडेय गांव के बाग में घुमंतू जाति के डेरे में शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आग लग गई। इससे पांच रिहायशी डेरे और इसमें रखा सामान जल गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में चार बीघा गन्ने की फसल भी जल गई।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सलेमपुर पांडेय गांव के उत्तर स्थित एक डेरे में दिन में करीब 1:30 बजे टीमल पुत्र जल्लू के घर में आग लग गई। देखते ही देखते टीमल, पाने, सवारे, झिनकू व ढोलू के डेरे ने आग पकड़ ली। इससे डेरे में रखी चारपाई, बिस्तर, कपड़ा बक्सा आदि जल गया। टीमल की तीन बकरियां भी झुलस कर मर गईं। तेज हवा के चलते आग ने सलेमपुर पांडेय के द्वारिका के गन्ने के प्लाट को भी चपेट में ले लिया। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर फायर विभाग की गाड़ी के साथ परशुरामपुर थाने के पुलिसकर्मी भी आग बुुझाने में लगे रहे।