कलवारी। सीएचसी कुदरहा में बिना चिकित्सकीय परामर्श के कम दिन का प्रेग्नेंसी होने के बावजूद जबरिया प्रसव कराने के दाैरान नवजात का सिर धड़ से अलग होने के मामले में पुलिस ने ढाई माह बाद आरोपी स्टाफ नर्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में विवेचना चौकी प्रभारी गायघाट राजेश कुमार मिश्र को सौंपी गई है।
बता दें कि आठ अप्रैल 2026 को कलवारी थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी प्रेमा देवी पत्नी नीरज कुमार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे नजदीकी सीएचसी कुदरहा लेकर गए थे। परिजनों के अनुसार, प्रेग्नेंसी कम दिन होने के बावजूद यहां ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने जबरन प्रसव कराने की कोशिश की थी, जिसमें गर्भवती के गर्भाश्य में बच्चे का सिर फंस गया और तेज खींचाव के चलते सिर से धड़ अलग हो गया था, इससे गर्भवती की हालत बिगड़ने लगी थी।
यह देख परिजन घबरा गए तब सीएचसी के सामने संचालित निजी अस्पताल में गर्भवती को भेज दिया गया। यहां भी डॉक्टर नहीं थे और गर्भवती को डेढ़ से दो घंटे तक रोके रखा गया था। इससे हालत और बिगड़ती गई। बाद में परिजन महिला को लेकर मेडिकल कॉलेज बस्ती पहुंचे। यहां चिकित्सकों की टीम ने ऑपरेशन के जरिये गर्भाश्य में फंसे नवजात के सिर को बाहर निकाला और गर्भवती महिला की जान बचाई।
मामले में पीड़िता के ससुर दुर्गा प्रसाद ने स्थानीय थाने में तहरीर दी, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इसके बाद वह एसपी कार्यालय पहुंचे थे। यहां प्रार्थना पत्र देकर घटनाक्रम से अवगत कराया था। पत्र में लिखा था कि आठ अप्रैल 2026 को उनकी पुत्रवधू प्रेमा देवी पत्नी नीरज कुमार को सीएचसी कुदरहा में प्रसव के लिए ले गए थे।
वहां लापरवाही पूर्वक जबरन संविदा स्टाफ नर्स कुसुम तथा अन्य कर्मचारियों ने उनके बहू का प्रसव करा दिया जिससे नवजात का सिर गर्भाश्य में फंस गया और धड़ अलग होकर बाहर आ गया।
स्टाफ नर्स की अभी संविदा नहीं हुई है समाप्त : बता दें कि लापरवाही मामले में सीएमओ ने आरोपी स्टाफ नर्स को वहां से हटाकर टीबी अस्पताल से संबद्ध कर दिया है, साथ ही संविदा समाप्ति के लिए उन्होंने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अनुमोदन लेकर संस्तुति पत्र शासन को भेज दिया है। हालांकि, अभी संविदा समाप्त नहीं हुई है। वहीं, निजी अस्पताल को भी सील कर दिया गया था, मगर कुछ दिन बाद उसे खुलवा दिया गया।
मामले में स्थानीय स्तर से लेकर शासन से गठित जांच टीम यहां पहुंची थी और जांच कर रिपोर्ट शासन को प्रेषित किया था।