बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव में तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिली छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। बृहस्पतिवार को छात्रा की मां ने थाने पर तहरीर देकर युवक पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही युवक पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बता दें कि लालगंज थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव में मंगलवार की शाम को संदिग्ध हालात में कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे 15 वर्षीय छात्रा का शव लटका मिला हुआ था। छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कर कमरे से भागते हुए युवक को देखा गया है। नरोत्तम की पत्नी राजपति ने बताया कि वह 15 वर्षीय बेटी अंजली के साथ गांव से बाहर सड़क के किनारे स्थित मकान में रहती है। पति नरोत्तम व बेटा संदीप मुंबई में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। बेटी बनकटी के एक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा थी।
उधर, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा की गला कसने से मौत की पुष्टि हुई है। शरीर पर कोई अन्य चोट नहीं है।