कप्तानगंज (बस्ती)। गन्ना क्रय केंद्र पर हाथापाई और रजिस्टर फाड़ना दो लोगो को महंगा पड़ गया। केन मैनेजर की तहरीर पर कप्तानगंज पुलिस ने रविवार को दो नामजद व अन्य अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लहिलवारा गांव में केएम शुगर मिल मसौधा अयोध्या का गन्ना क्रय केंद्र है। 12 दिसंबर की दोपहर में कांटा बाबू से विवाद की सूचना पर मिल के केन मैनेजर अशोक पांडेय भी मौके पर पहुंच गए थे। मामला शांत कराने लगे। इसी बीच गन्ना क्रय केंद्र पर मनबढ़ अपने अन्य सहयोगियों के साथ सरकारी रजिस्टर फाड़ते हुए कांटा बाबू और केन मैनेजर की गन्ने से पिटाई कर दी थी।
केन मैनेजर ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए घटना की तहरीर पुलिस को दी थी। जांच के बाद पुलिस घटना से जुड़े तीन लोगों को शांतिभंग में पाबंद करते हुए रविवार की शाम प्राथमिकी दर्ज किया है। एसओ आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेमचंद चौधरी (मुरली) निवासी बेलवाजोर, लालचंद चौधरी निवासी कौड़ीकोल, थाना कप्तानगंज सहित अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।