बस्ती। महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस अंतिम वर्ष के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा 3 अप्रैल से शुरू होगी। कॉलेज प्रशासन की ओर से परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है। यह परीक्षा एक से डेढ़ महीने चलेगी। मई में परीक्षा समाप्त होगी। इसके बाद एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों को चिकित्सा इकाई में इंटर्नशिप कराया जाएगा।
वहीं इस साल मेडिकल कॉलेज में सौ एमबीबीएस डॉक्टरों का चौथा बैच तैयार हो जाएगा। इनकी इंटर्नशिप मार्च में पूरी हो जाएगी। इसके बाद इन्हें जूनियर रेजीडेंट के रूप में शासन स्तर से विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में नियुक्त किया जाएगा। इनका स्थान खाली होते ही एमबीबीएस आखिरी वर्ष के छात्रों को इंटर्नशिप कराने की तैयारी चल रही है। कॉलेज प्रशासन की तरफ से अंतिम वर्ष के छात्रों के आखिरी सेमेस्टर की परीक्षा शुरू करा दी जाएगी।
मई आखिरी तक इन छात्रों का परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद ओपेक चिकित्सालय कैली में इन्हें इंटर्नशिप कराया जाएगा। कॉलेज की तरफ से इंटर्नशिप करने वाले डॉक्टरों को आवासीय सुविधा भी दी जाएगी। उप प्रधानाचार्य डॉ. अनिल यादव ने बताया कि इस बार एमबीबीएस डॉक्टरों का चौथा बैच निकलने वाला है। जबकि पांचवां बैच इंटर्नशिप करेगा। कॉलेज की तरफ से अंतिम वर्ष के छात्रों के परीक्षा की तैयारी पूरी की जा रही है। तीन अप्रैल से परीक्षा शुरू करा दी जाएगी।