मंगल की बेला पर कुछ युवकों की मनबढ़ी से जमकर घमासान हुआ। छह से अधिक बारातियों को चोटें भी आईं। हालांकि, रिश्तेदारों और पुलिस के प्रयास से लौटती बारात ने बुधवार दिन में विवाह कार्यक्रम को पूरा कराया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भवनापुर गांव में राम सुरेश वर्मा के बेटे राम गिरीश वर्मा की शादी रेहरवा गांव के शेषराम वर्मा की बेटी के साथ तय हुई। मंगलवार की शाम को सजधज कर बारात हर्रैया थाना क्षेत्र के रेहरवा बिहरा गांव पहुंची। द्वार पर पहुंची बारात की जमकर खातिरदारी भी हुई। कन्या पक्ष के लोग सभी बारातियों को जलपान कराने के बाद द्वारपूजा के लिए ले गए। कार्यक्रम जयमाला तक पहुंचा और तब तक सब कुछ हंसी-खुशी चल रहा था। रात करीब 11 बजे बारात में ऑर्केस्ट्रा ग्रुप का रंगारंग कार्यक्रम चल रहा था। ऑर्केस्ट्रा देखने के लिए आसपास गांव के लोग भी पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक गांव के कुछ लोगों ने फरमाइशी गीतों के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। बार-बार कलाकारों से मनचाहे गीत के लिए कहने लगे। यह बात का कुछ बारातियों को नागवार लगी और विरोध जताने लगे। इसे लेकर विवाद शुरू हो गया। कुछ लोगों में हाथापाई भी होने लगी। गांव के लोगों ने बीच-बचाव करके मामला शांत करा दिया। थोड़ी देर बाद ही कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर बारात में पहुंच गए। इससे एक बार फिर विवाद गहरा गया। गांव के युवकों ने बारातियों को दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट की सूचना पर पहुंचे दूल्हे के भाई और रिश्तेदारों को भी मारपीट कर घायल कर दिया। घटना से दूल्हा नाराज हो गया और जयमाल स्टेज से उतर कर शादी नहीं करने की बात करने लगा। दूल्हे को मनाने में लोग जुटे रहे लेकिन वह शादी करने से इंकार करता रहा। रात 12 बजे सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। लेकिन बिना मामला सुलझाये वापस हो गई। दूल्हे की जिद के बाद लड़की वाले परेशान हो गए। सुबह होने तक मामला नहीं सुलझ सका। लड़की वालों ने भी दूल्हे पर मुकदमा दर्ज कराने की बात सार्वजनिक की तो गांव के कुछ लोग और रिश्तेदारों ने दोनों को समझा-बुझाकर सुबह नौ बजे शादी पूरी कराई। हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक कपिलमुनि सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह के बाद विवाह कार्यक्रम पूरा हो गया है। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। वाल्टरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक बैठने के विवाद में घरातियों और बारातियों में मारपीट शुरू हो गई। मामला सोनहा थाना क्षेत्र के सोरहवा गांव का है। जहां मंगलवार रात लगभग 12 बजे बैठने के लिए कहासुनी मारपीट में बदल गई। मनबढ़ युवकों ने बारातियों को दौड़ाकर पीटा। कुछ लोग किसी तरह से भाग कर जान बचा सके। मामले की जानकारी घायलों ने 100 पुलिस को दी। पुलिस पहुंची और जांच कर वापस चली गई। मारपीट के दौरान दूल्हा सुनील कुमार भी चपेट में आ गया। इसके बाद विवाह नहीं करने की जिद शुरू हो गई। वहीं, दूल्हे के भाई सन्नी निवासी शाहपुर थाना सोनहा, तथा पुजारी लाल निवासी हंसवर थाना कप्तानगंज, मनोज कुमार, उदय राज निवासी पड़री थाना सोनहा घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने एनसीआर दर्जकर घायलों को मेडिकल के लिए भेजा। बाद में थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र और रिश्तेदारों ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बुधवार को विवाह कार्यक्रम पूरा हो सका।