बस्ती। बस्ती जिले में सोनहा थाने के परसा झुगियां निवासी 38 वर्षीय युवक की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक की मां और पत्नी को भी काफी चोटें आईं, जिनकी हालत गंभीर है। पट्टीदारी के चाचा से जमीन को लेकर विवाद था।
परसा झुंगिया के अब्बास अली लखनऊ में किसी फर्म में नौकरी करते थे। मंगलवार को वह घर आए। यहां मां शैरुलनिशा (60) और पत्नी आयशा (35) ने पट्टीदारी के चाचा मुस्तफा के परिवार से जमीन में हिस्से को लेकर विवाद पुराने विवाद से जुड़ी बातों की जानकारी उन्हें दी। इसे लेकर बुधवार सुबह दोनों परिवार आमने-सामने आ गए। आरोप है कि मुस्तफा, उनके बेटे और अन्य ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अब्बास अली, उनकी मां और पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब्बास की मौत हो गई। सोनहा पुलिस आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है। घटना से गांव में तनाव है। नवागत एसओ शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।