करचोलिया गांव में तनाव बरकरार, पुलिस फोर्स तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज(बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के करचोलिया गांव में चुनावी रंजिश में शनिवार की रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में 10 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
जानकारी के अनुसार, करचोलिया गांव में बूथ एजेंट बनने को लेकर शनिवार की सुबह से सपा और भाजपा के कार्यकर्ताओ के बीच तनाव चल रहा था। सूत्रों की मानें तो देरी से पहुंचने के कारण सपा का एजेंट बूथ पर नहीं बन पाया। इससे सपा समर्थकों में आक्रोश था। रात 9 बजे सपा पक्ष के लोग भाजपा के समर्थक मंजीत शर्मा के घर पर चढ़कर हमला बोल दिए और मारपीट कर घायल कर दिया। जब इसकी भनक ग्रामीणों को लगी तो वह भड़क गए और मारपीट में शामिल लोगों की दौड़ाकर पिटाई की।
मारपीट में अजय कुमार, चंद्रवती देवी, दिलीप कुमार को चोटें आईं। भाजपा पक्ष के संदीप कुमार सोनकर, मुकेश शर्मा, दीपक शर्मा, मंजीत शर्मा, संजय शर्मा, पिंटू सोनकर, कन्हैया निषाद सहित कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराकर घायलों को अस्पताल भेजवाया। पुलिस के जाने के बाद से दोनों पक्षों में तनातनी बरकरार है। पुलिस गांव में डेरा डाले हुए है।
कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे ने बताया कि चुनावी रंजिश में मारपीट हुई थी। मामले में छानबीन करकार्रवाई की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस मौके पर नजर बनाए हुए है। गांव में भी पुलिस डेरा डाले है।