वाॅल्टरगंज। थाना क्षेत्र के सिकटा गांव में जमीन के विवाद को लेकर बुलाई गई पंचायत में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। पुलिस घायलों को इलाज के लिए भेजकर छानबीन में जुट गई है।
सिकटा गांव निवासी राजदेव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसका त्रिभुवन से जमीन का विवाद चल रहा है। इसमें पुलिस चौकी पर सुलह-समझौता के दौरान कहा गया कि लेखपाल को बुलाकर जमीन की पैमाइश कर ली जाए।
इसके एक दिन बाद पंचायत में राजदेव को बुलाया गया। आरोप है कि वहां पर पहुंचते ही विपक्षी चंद्र प्रकाश शुक्ला, विनय उर्फ गुड्डू शुक्ला, बैजनाथ उर्फ बाबूआ, अरुण कुमार, विद्यावती ने लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से जानलेवा हमला कर दिया गया। राजदेव का आरोप है कि इसमें उसे और उसके छोटे भाई की पत्नी पूनम के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही वे बेहोश हो गए। वहीं परिवार के अभय और प्रमिला को भी चोटें आई हैं। पूनम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।