जिला अस्पताल में ओपीडी में चिकित्सीय परामर्श के लिए इंतजार करते मरीज संवाद
बस्ती। बारिश के कारण अब संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ गया है। बुधवार को जिला अस्पताल में ओपीडी में मरीजों की संख्या 11 सौ के पार पहुंची गई। इनमें सबसे ज्यादा मरीज गले में खराश और बुखार के रहे।
बदलते मौसम में बुखार से बदन टूट रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि इस समय वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में इसका प्रभाव ज्यादा दिख रहा है। फिजिशियन डॉ. एसडी ओझा ने बताया कि बरसात के बाद गले में संक्रमण, खांसी, बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति गंभीर रहने की आवश्यकता है।
कटे हुए फल और ठेलों पर बिकने वाले खुले खाद्य पदार्थ से पेट का संक्रमण हो रहा है। इससे डायरिया, उल्टी, जी मिचलाना, सिर दर्द, दस्त की परेशानी हो रही है। शहर में सड़कों के निर्माण के चलते धूल के कण और वायु प्रदूषण श्वसन तंत्र को प्रभावित कर रहे हैं। इससे गले में खराश, खांसी और छाती में जकड़न जैसी समस्याएं हो रही हैं। चाय, कॉफी, शराब, सिगरेट का विशेष परहेज रखें।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीएस पटेल ने बताया कि ओपीडी में नजला, जुकाम, बुखार और उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। बच्चे हाईग्रेड बुखार से परेशान हैं।