बस्ती। अब जिला अस्पताल में मोतियाबिंद के रोगियों का आपरेशन अत्याधुनिक तकनीक की फेको मशीन से होगा। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग की ओटी में मशीन स्थापित कर दी गई। एडी स्वास्थ्य डा. पीके शाही, सीएमओ डा. जेएलएम कुशवाहा व एसआईसी डा. एके श्रीवास्तव ने उद्घाटन किया। इससे पूर्व नेत्र रोग विशेषज्ञ व फेको प्रशिक्षित डा.आशीष नरायन त्रिपाठी ने दो रोगियों का सफल ऑपरेशन कर मशीन की परीक्षण किया।
सरकार ने जिले के मोतियाबिंद रोगियों के लिए बड़ी सौगात दी है। यहां जिला अस्पताल में फेको मशीन स्थापित की गई है। जर्मन तकनीक की इस मशीन को स्वास्थ्य विभाग के आला अफसरों ने आम जन को समर्पित किया।
डा. त्रिपाठी ने बताया कि अब तक केवल धनाढ्य लोगों का ही निजी अस्पतालों में फेको मशीन से आपरेशन होता था, मगर सरकार ने जिला अस्पताल में इसे स्थापित करा कर इस मशीन से आपरेशन को आम लोगों तक पहुंचा दिया है। स्वास्थ्य को लेकर सरकार की गंभीरता के चलते यह सब कुछ हो सका है। डा. त्रिपाठी ने कहा कि इस मशीन से आपरेशन बेहद आसान है। आंखों में दो एमएम से कम का चीरा लगता है, जिससे न तो कहीं कोई टांका लगाया जाता और न मरीज को भर्ती रहने की जरूरत है।
सीएमओ डा. कुशवाहा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार अत्याधुनिक सुविधाएं से जिले के सभी अस्पताल सुसज्जित किए जाएंगे, मगर शासन की शर्त यह है कि जो भी अत्याधुनिक उपकरण अस्पतालों को उपलब्ध कराए जाएं वह कमरे में बंद न रहें, बल्कि उनको आम आदमी की सुविधा के लिए संचालित रखा जाए।
कार्यक्रम में ओपेक चिकित्सालय कैली के निदेशक डा. अरुण कुमार, सीएमएम कैली डा. एसके श्रीवास्तव, महिला के एसआईसी डा. एके सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. बीपी त्रिपाठी, डा. फरहादीबा, डा. जलालुद्दीन, डा. एके सैनी, तारकेश्वर नाथ त्रिपाठी, नेत्र परीक्षण अधिकारी मनीष कुमार, सिस्टर रेनू, कर्मी रागिनी सहित तमाम कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।