सर्किट हाउस में पौधारोपण करती राज्य महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह।
बस्ती। राज्य महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह बृहस्पतिवार को जनपद भ्रमण पर पहुंचीं। उन्होंने सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। महिला सशक्तीकरण से संंबंधित योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया। महिलाओं/बालिकाओं के कल्याण एवं समृद्धि के लिए संचालित योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान योजना तथा जिला कार्यक्रम विभाग की महिला पोषण से संबंधित योजनाओं के बारे में अधिकारियों से फीडबैक लिया। प्रशासनिक अधिकारियों को हर संभव प्रयास कर योजनाओं से महिलाओं को लाभान्वित करने की हिदायत दी। उन्होंने महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा, साइबर क्राइम तथा उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए भी निर्देशित किया। अध्यक्ष ने परिसर में पौधरोपण भी किया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि महिलाओं के उत्थान में मिशन शक्ति वरदान सिद्ध हो रही है। आज हर क्षेत्र में महिलाएं निर्भीकता के साथ आगे बढ़ रही हैं। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी राकेश कुमार, महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह, एसीएमओ डाॅ. एके चौधरी, डीपीओ आईसीडीएस राजेश कुमार, समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, वरिष्ठ सहायक प्रोबेशन अशोक सिंह, रवि तिवारी आदि मौजूद रहे।