बस्ती। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर अपने नौ सूत्रीय मांगों के समर्थन में शनिवार को बस्ती बस स्टेशन पर क्षेत्रीय संरक्षक तिलकराम दुबे की अध्यक्षता एवं क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिनव श्रीवास्तव के नेतृत्व में गेट मीटिंग किया गया। जिसमें डिपो एवं कार्यशाला के अध्यक्ष, मंत्री सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों ने हक के लिए हुंकार भरते हुए प्रदर्शन किया।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष कन्हैया सिंह, मंत्री इंद्रजीत तिवारी ने कहा कि डग्गामारी लगातार बढ़ रही है तो रोडवेज के लिए सिरदर्द से कम नहीं है। इस पर तत्काल अंकुश लगे। मीटिंग में कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
इस गेट मीटिंग में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद द्वारा परिवहन निगम के हितों के प्रतिकूल सरकार द्वारा बनाई जा रही नीतियों, लगातार बढ़ रही डग्गामारी तथा कर्मचारियों के हितों के प्रतिकूल बनाए गए नियमों के विरुद्ध कर्मचारियों ने आरपार की लड़ाई का एलान किया। क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने संगठन की नौ सूत्रीय मांगो के बारे में कर्मचारियों को विस्तार से बताया। मांगों में प्रमुख रूप से परिवहन निगम की बसों के समानांतर चल रही निजी
बसों से हो रही डग्गामारी को तत्काल रोकने, बस स्टेशनों को लंबे अवधि के लिए लीज पर देकर पीपीपी मॉडल पर विकसित किये जाने की योजना पर अंकुश लगाने, नियमित कर्मचारियों के डीए वृद्धि एवं वेतन विसंगतियों का निराकरण कराए जाने, संविदा कर्मचारियों से लोड फैक्टर के नाम पर हो रही प्रोत्साहन की कटौती बंद कराए जाने, सीधी भर्ती किये जाने, कार्यशालाओं को निजी हाथों में सौंपे जाने की प्रथा पर विराम लगाए जाने तथा ईपीएफ की कटौती कुल वेतन के आधार पर किए जाने की मांगें शामिल हैं।
संरक्षक ने हक के लिए एकजुटता पर जोर दिया। राममणि चौबे, अब्दुल रहीम, अभिनय सिंह, अजीत पाल, शशांक शेखर मिश्रा, मनीष श्रीवास्तव, राकेश मणि तिवारी, कुलदीप सिंह, अपूर्व पांडेय, अतुल वर्मा, शेषनाथ शुक्ला, सुशील गौड़, योगेंद्र नारायन पांडेय, बृजेश पांडेय, अजय पाठक, विवेक निषाद, गिरजेश तिवारी मौजूद रहे।