कुशीनगर के युवक ने धर्म छिपाकर बस्ती की किशोरी से बढ़ाईं थीं नजदीकियां
नगर बाजार (बस्ती)। धर्म छिपाकर मिस्ड कॉल के जरिए आठवीं की छात्रा से नजदीकी बढ़ाकर जाल में फंसाने वाले कुशीनगर जिले के आरोपी को नगर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, केस दर्ज होने की जानकारी होने पर एनकाउंटर के डर से वह 16 वर्षीय छात्रा को उसके घर छोड़ने जा रहा था।
सीओ प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विशुनपुरा दुदही के इकराम अंसारी को फुटहिया फ्लाईओवर के पास से एसओ विश्वमोहन राय ने पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को नगर थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय छात्रा घर से स्कूल जाने के लिए निकली लेकिन घर नहीं पहुंची। परिजन पहले इसकी सूचना थाने में न देकर अपनी तरफ से तलाश करते रहे। थकहार कर 16 अक्तूबर को पिता ने नगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह छात्रा से मिस्ड कॉल और रांग नंबर से संपर्क किया। हिंदू लड़की होने के कारण उसने उससे नजदीकी बढ़ाई और फिर 29 सितंबर को भगा ले गया। उसे मुंबई, पुणे और गोरखपुर घुमाता रहा।
एनकाउंटर के डर सेे आरोपी लड़की को घर छोड़ने और फिर मुंबई भागने की योजना बना रहा था। उसने छात्रा को यह भी कहा था कि किसी को कुछ न बताए। सीओ ने बताया कि किशोरी को सीडब्लूसी के सामने पेश किया गया। वहां से उसे उसके अभिभावक के सुपुर्द कर दिया गया।