तमिलनाडु के धान से महकेंगे जिले के खेत
10 मई से वितरित होगी सीओ-51 प्रजाति का बीज
एक लाख दस हजार हेक्टेयर में की जाएगी खेती
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। इस बार बीज गोदामों से किसानों को तमिलनाडु का सीओ-51 प्रजाति का धान बीज वितरित किया जाएगा। उप कृषि निदेशक डॉ. संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ये प्रजाति 105-110 दिन में तैयार हो जाती है। अक्तूबर के आसपास तैयार होने वाली इस प्रजाति से प्रति हेक्टेयर करीब 50-60 क्विंटल पैदावार होगी।
इसमें रोग व्याधि की समस्या कम आती है। 18-21 दिन में इसकी पौध रोपाई के लिए तैयार हो जाती है। इसके धाने सांभा मंसूरी जैसे होंगे। लॉकडाउन में छूट मिलते ही कृषि विभाग ने खरीफ मौसम की तैयारी तेज कर दी है। राजकीय बीज गोदामों से किसानों को ढैंचे का बीज वितरित किया जा रहा है। धान बीज का आवंटन मिल चुका है। जिला कृषि अधिकारी संजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दस मई तक धान बीज भी ब्लॉक स्तर पर वितरण के लिए उपलब्ध हो जाएगा। बीज विकास निगम से कृषि विभाग को 280 क्विंटल ढैंचा का बीज प्राप्त हुआ था, जो किसानों को वितरित किया जा चुका है। डीएओ ने बताया कि किसानों की मांग के अनुरूप ढैंचा का अतिरिक्त बीज मंगाया गया है। इस बार जिले में एक लाख दस हजार हेक्टेयर खरीफ फसलों की खेती की जाएगी।
किसानों को मिलेगी धान की ये प्रजाति
डीएओ ने बताया कि सांभा सब-1, एनडीआर-2065, पंत-24, सीओ-51, सीएसआर-43 आदि प्रजाति के बीज का 11 सौ क्विंटल का आवंटन प्राप्त हुआ है। बीजों पर 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा ढैंचा 280, उर्द 2, मूंग 3, अरहर 16, तिल 7, मूंगफली का दो क्विंटल बीज का आवंटन मिला है।