- मुंडेरवा में शहीद किसानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर निकाली यात्रा
- प्रशासन ने 20 को किसानों से वार्ता करने का दिया समय
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती/मुंडेरवा। संयुक्त किसान मोर्चा के निर्देश पर भाकियू की ओर से किसान ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा 9 से 15 अगस्त तक चलेगी। मुंडेरवा चीनी मिल तिराहे पर स्थित शहीद किसानों की प्रतिमाओं पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद यात्रा जिला मुख्यालय के लिए प्रस्थान की।
जिलाध्यक्ष गौरीशंकर चौधरी के नेतृत्व में 13 सूत्री मांगों को लेकर शहीद किसान स्थल मुंडेरवा में शहीद किसानों को माल्यार्पण के बाद निकली ट्रैक्टर यात्रा टेमी, टोल प्लाजा से फुटहिया होते हुए शास्त्री चौक पहुंची। यहां लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद भाकियू पदाधिकारी, किसान आदि कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधानमंत्री को संबोधित 13 सूत्री ज्ञापन सीआरओ को दिया।
भाकियू के पूर्वांचल अध्यक्ष अनूप चौधरी ने बताया कि प्रशासन ने 20 अगस्त को सुबह 10 बजे से संबंंधित अधिकारियों की मौजूदगी में भाकियू पदाधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है। बताया कि ज्ञापन के माध्यम से किसान आयोग का गठन, एमएसपी, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग की गई है। इसके अलावा गन्ना मूल्य भुगतान कराने, बिजली संकट, वाल्टरगंज चीनी मिल दोबारा चालू कराने, गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य 500 रुपये करने की मांग की जा रही है। इस मौके पर प्रदेश सचिव दिवान चंद पटेल, शोभाराम ठाकुर, जयराम वर्मा, पंचराम चौधरी, रामचंदर सिंह, राम मनोहर आदि मौजूद रहे।