मुण्डेरवा शुगर मिल में तौल न होने से परेशान किसान।
- फोटो : BASTI
गन्ना तौल न होने पर मिल परिसर में किसानों ने किया हंगामा
मुंडेरवा (बस्ती)। चीनी मिल में गन्ना तौल शुरू न होने से सोमवार को किसानों ने जमकर हंगामा किया। 28 को मिल का डोंगा पूजन किया गया और 30 से गन्ना आपूर्ति के लिए किसानों को पर्ची जारी कर दी गई। लेकिन, सोमवार सुबह छह बजे गन्ना लेकर पहुंचे किसानों की तौल नहीं हुई जिससे वे नाराज होकर हंगामा शुरू कर दिए।
मिल प्रबंधन की ओर से 30 नवंबर को गन्ना लाने के लिए 15 हजार किसानों को एसएमएस के जरिए पर्ची भेजी गई थी। सुबह पांच बजे से ही किसानों की गाड़ी मिल में दाखिल होने लगी। किसान शैलेश चौधरी, हीरा लाल, रामरेखा चौधरी, सुनील पांडेय, ओम प्रकाश, सुनील यादव, हरिकेश यादव, गिरिजेश चौधरी आदि ने बताया कि सुबह से ही गाड़ी खड़ी कर तौल का इंतजार कर रहे हैं। किसान दिन में तीन बजे तक तौल का इंतजार करते रहे लेकिन तौल शुरू नहीं हुई। भूखे प्यासे किसानों का धैर्य जवाब दे गया और 60 से 70 की संख्या में वे परिसर में हंगामा शुरू कर दिए। आनन-फानन में 3.30 बजे से तौल शुरू कराई गई। गन्ना प्रबंधक कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि पेराई सत्र का पहला दिन होने के कारण थोड़ी दिक्कत आई। फिलहाल तौल शुरू करा दी गई है।