कलवारी (बस्ती)। रबी सीजन की शुरुआत के साथ ही किसानों को डीएपी खाद के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। सोमवार को बस्ती-टांडा मार्ग स्थित बी पैक्स लिमिटेड कलवारी और राम जानकी मार्ग स्थित कृषक भारती सेवा समिति कलवारी पर किसानों की भारी भीड़ जुटी। सुबह से लाइन में लगे किसानों को देर शाम तक डीएपी खाद नहीं मिल सका।
किसान अवधेश कुमार, राजेंद्र प्रसाद, राजित राम, रामनाथ, राम बचन और ब्रह्मजीत ने बताया कि वे सुबह से समिति पर लाइन में हैं, लेकिन कुछ लोगों को ही खाद दी जा रही है। कई किसानों ने बताया कि वे समिति के सदस्य हैं, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिल पा रही।
कृषक भारती सेवा समिति पर डीएपी न होने से किसान परेशान हैं। किसानों को फिलहाल यूरिया और गेहूं का बीज ही मिल रहा है। किसान दिवान चंद उपाध्याय ने बताया कि उनकी खतौनी में नाम और रकबा दर्ज है, लेकिन समिति की मशीन में उनका नाम नहीं दिख रहा, जिससे खाद नहीं मिल पा रहा। बी पैक्स सचिव विचित्र मणि वर्मा ने बताया कि शनिवार को 490 बोरी डीएपी आई थी, जिसे किसानों में बांटा जा रहा है। संवाद