बस्ती। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया का निरीक्षण किया। किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और 30 अप्रैल तक फाॅर्मर रजिस्ट्री हर हाल में पूरी कर लेने के लिए संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश में खाद एवं बीज की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि फाॅर्मर रजिस्ट्री में जनपद बस्ती की स्थिति अभी तक संतोषजनक रही है। शेष बचे किसानों का फाॅर्मर रजिस्ट्री का कार्य 30 अप्रैल तक अवश्य पूर्ण कर लें। हर्रैया विधायक अजय सिंह ने कृषि मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि जनपद में प्रगतिशील किसानों ने अपने उत्पाद के बल पर प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। ऐसे किसानों को उत्साहित करने की जरूरत है।
इस अवसर पर निदेशक प्रसार नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या, संयुक्त कृषि निदेशक राम बचन राम, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार गौतम, जिला कृषि अधिकारी डॉ. बीआर मौर्य, जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी मौजूद रहे।