जिले के 4.10 लाख किसानों को मिलेगी सम्मान निधि
25 दिसंबर को प्रधानमंत्री भेजेंगे किसानों के खाते में किस्त
सभी ब्लॉकों में होगा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 4.10 लाख किसानों को सम्मान निधि का लाभ मिलेगा। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के किसानों को रुपये भेजेंगे। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यक्रम का सभी ब्लॉकों में सीधा प्रसारण होगा।
पीएम-किसान योजना के तहत जिले में करीब 4.74 लाख चिह्नित किए गए हैं जिनका पंजीकरण कार्य भी लगभग पूरा हो गया है। लेकिन पोर्टल पर अभी तक 4.10 लाख किसानों का ही डाटा ग्रहण किया गया है। शेष किसानों के अभिलेख मेें अंकित नाम, पता, बैंक खाता संख्या आधार के अनुरूप न होने से डाटा रिजेक्ट हो गया है। कृषि भवन से मिली जानकारी के अनुसार आधार मिसमैच होने से 47559 किसानों को डाटा पोर्टल से रिजेक्ट हो गया था जिसे कृषि विभाग तहसील कर्मियों की मदद से ठीक करा रहा है। जिले में अभी तक 406353 किसानों को प्रथम, 388635 किसानों को द्वितीय, 340922 को तृतीय, 279781 को चतुर्थ, 236676 को पांचवीं व 205383 को छठी किस्त प्राप्त हो चुकी है।
कार्यक्रम की हो रही तैयारी
उप कृषि निदेशक डॉ. संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 25 दिसंबर के कार्यक्रम को लेकर शासनादेश प्राप्त हुआ है। इसके अनुसार ब्लॉक स्तर पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की जा रही है।