हर्रैया। क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में रविवार रात गन्ने के खेत में चोरों के छिपे होने की आशंका में लाठी डंडे से लैस गांव के लोगों ने सड़क किनारे गन्ने के खेत को घेर लिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। चोरों के डर से खेत में न तो पुलिस घुस रही थी न ही ग्रामीण हिम्मत कर पा रहे थे। ग्रामीण लौटने लगे तो एक युवक मोबाइल का टॉर्च जलाकर खेत में घुसा। तभी फायर की आवाज से वह बदहवास होकर भागने लगा। लोगों ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इन दिन से क्षेत्र में लोग छार के माहौल में रह रहे हैं। पुलिस भी चोरों का पता लगाने और वारदात रोकने लिए गश्त कर रही है। चौपाल लगाकर लोगों को अफवाहों से बचने की अपील कर रही है। मगर, चोरों ने पुलिस की नाक में दम कर दिया है।
रविवार की रात त्रिलोकपुर तिवारी के अब्बास के गन्ने के खेत में चोरों के छिपे होने की सूचना पर लाठी डंडा लेकर ग्रामीण पहुंच गए। गन्ने के खेत को घेरकर घंटों सड़क पर खड़े रहे मगर किसी की हिम्मत खेत में घुसने की नहीं हुई। पुलिस भी पहुंची और खोजबीन करते हुए अफवाह बताकर लौटने लगी।
गांव के रहमत ने लाइट जलाकर गन्ने के खेत में घुसा। उसने दावा किया दो चोरों ने उसे देख लिया वह चोरों के डर से सड़क की तरफ भगा तो पीछे से फायरिंग की आवाज सुनकर बदहवास होकर गिर पड़ा।
बताया कि तब तक गांव के अधिकांश लोग मौके से करीब दो सौ मीटर दूर गांव की तरफ बढ़ गए थे। दहशत में उसकी बीपी बढ़ गई।आवाज सुनकर लोग व पुलिस भी मौके पर लौटी मगर कुछ पता नहीं चल सका।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ने बताया चोरों के गन्ने के खेत में छुपे होने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मगर घटना पूरी तरफ अफवाह साबित हुई। फायरिंग की बात पूरी तरह गलत है। जांच में पटाखे जैसी आवाज की बात सामने आ रही है और उसमें प्रयोग होने वाले कागज व सुतली भी मौके पर मिली है। पुलिस इस घटना में शामिल शरारती तत्वों की पहचान में जुटी है।