फरार ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की संपत्ति कुर्क
बस्ती। बायोमीट्रिक मशीन में लोगों का अंगूठा लगवाकर रुपये निकाल लेने के आरोपी ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक की पुरानी बस्ती स्थित 10 लाख रुपये की संपत्ति की मंगलवार को कुर्क की गई। न्यायालय के आदेश पर वाल्टरगंज थाने की पुलिस के अलावा एसओ पुरानी बस्ती आलोक श्रीवास्तव व सीओ सिटी आलोक प्रसाद की मौजूदगी में आरोपी शिव गोपाल जायसवाल के मेंहदावल रोड पांडेय बाजार स्थित घर पुलिस पहुंची।
पुलिस कार्यालय के अनुसार यदि इसके बावजूद भी वांछित आरोपी न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ तो उसकी अचल संपत्ति की कुर्की के अलावा उसके विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के चौरवा निवासी हसीना खातून ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर 26 जून 2021 को वाल्टरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर दी गई थी कि गनेशपुर में गौरव जायसवाल ने बंधुआ निवासी राम प्रीत यादव के साथ मिलकर एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र खोला था। आरोप लगाया कि गौरव जायसवाल जिसके खाते वहां से खोलवाया उनका अंगूठा लगवाकर उन्हें कम रकम दिया। यह जालसाजी जब लोग समझ गए तो वह सेवा केंद्र बंद करके भाग गया। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया। विवेचना में शिव गोपाल जायसवाल का नाम प्रकाश में आया। मामले में गौरव जायसवाल व राम प्रीत यादव न्यायालय में हाजिर हो गए थे। लेकिन, शिव गोपाल जायसवाल पकड़ में नहीं आया। इस पर न्यायालय की तरफ से आठ अप्रैल को कुर्की का आदेश दिया गया था। जिसके अनुपालन में मंगलवार को यह कार्रवाई की गई।