जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज के आंख की जांच करते नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सारिब सुहेल संवाद
बस्ती। गर्मी में गर्म हवाओं के साथ ही एसी की ठंडी हवाएं भी आंखों को नुकसान पहुंच रही हैं। जिला अस्पताल व महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज बस्ती की ओपीडी में प्रतिदिन आंखों में खुजली, जलन व दर्द की समस्या लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकतर मरीज युवा रहते हैं।
जिला अस्पताल में रोजाना 100 से 120 मरीजों की जांच की जाती है। वहीं, मेडिकल कॉलेज की नेत्र रोग ओपीडी में करीब 200 मरीज रोजाना आंखों की जांच करवाने के लिए आ रहे हैं। चिकित्सक भी मरीजों को गर्मी के मौसम में मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में परामर्श दे रहे नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सारिब सुहेल ने बताया कि हर तीसरा रोगी इस समस्या से ग्रसित आ रहा है।
बताया कि कार्निया की सबसे ऊपरी परत पर टीयर फिल्म होती है। जब पलक झपकती है, तो टीयर फिल्म का पानी आंख में फैल जाता है और आंख में नमी बनी रहती है। गर्मी के मौसम में गर्म हवा के संपर्क में आने से टीयर फिल्म का पानी सूख जाता है, जिससे आंख में खुजली, लाल होना और दर्द की समस्या होती है। उन्होंने बताया कि ऐसा सिर्फ गर्म हवा से ही नहीं बल्कि एसी की हवा से भी होता है। एसी की हवा में ठंडक होती है, मगर नमी नहीं होती है। इससे भी आंख का पानी सूख जाता है।
खासकर उनकी आंखों का, जो कार चलाते समय एसी की हवा सीधे अपनी तरफ करते हैं। वह बताते हैं कि एसी की ठंडी हवा में बैठकर लंबे समय तक कंप्यूटर पर काम करने या मोबाइल की स्क्रीन देखने से भी आंख का पानी सूख जाता है। बहुत लोग तेज पंखा चलाकर लेट जाते हैं, वह भी आंख सुखाने का काम करता है। इस कारण सावधानी बरतने की जरूरत है।
वहीं, शुक्रवार को मुहर्रम अवकाश के चलते ओपीडी दिन में 12 बजे तक चली। जिला अस्पताल में 456 मरीजों को परामर्श दिया गया। मेडिसिन और बाल रोग विभाग में भी सर्दी-जुकाम वाले मरीज आए। मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को 957 मरीजों को परामर्श दिया गया। यहां भी 12 बजे तक ओपीडी संचालित हुई। पेट दर्द के मरीज अधिक रहे।