रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री। संवाद
बस्ती। गर्मी में यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे बोर्ड की ओर से लगातार समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। बावजूद इसके यात्रियों की मुसीबत कम नहीं हो रही है। एक्सप्रेस ट्रेनें आए दिन अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही है। इधर भीषण गर्मी भी पड़ रही है। स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्री ट्रेनों के इंतजार में तपिश से बेहाल हो जा रहे हैं। पसीने से भीगकर कई घंटे तक लोग स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते जाने वाली अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेन काफी विलंब से चल रही है, जिससे इस भीषण गर्मी में यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। ट्रेन के इंतजार में काफी देर तक प्लेटफार्म पर यात्रियों को बैठना पड़ रहा है। गर्मी के चलते ट्रेनों में जहां भीड़ का सामना करना पड़ रहा है, वहीं एसी टियर में टिकट भी नहीं मिल पा रहे है। ऊपर से ट्रेन भी काफी देरी से चल रही है। हर तरफ से यात्रियों को मुसीबत ही झेलनी पड़ रही है। रेलवे समय सारणी के अनुसार सोमवार को जाने वाली फिरोजपुर एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 4:30 घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। इसके अलावा समस्तीपुर स्पेशल एक्सप्रेस ढाई घंटे, चंडीगढ़ डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 2 घंटे, श्री वैष्णो माता देवी कटरा एक्सप्रेस एक घंटे, दरभंगा नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 2 घंटे, पूणे गोरखपुर स्पेशल 3:30 घंटे, बरौनी नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 3 घंटे, गोरखपुर पुणे स्पेशल एक्सप्रेस 4 घंटे और गांधीधाम स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 3 घंटे की देरी से चल रही है। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि अब अधिकांश ट्रेनें अपने समय से चल रही है। रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेनों को समय से चलाने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जो भी ट्रेनें लेट हुई है, वह रास्ते में अपना समय कवर कर लेंगी।