कलवारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में बुधवार दोपहर लगभग दो बजे डिप्टी सीएमओ डॉ. बृजेश कुमार शुक्ल और शाम लगभग 4:30 बजे एसीएमओ डॉ. एके गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित दो चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. रितेश राव और डॉ. प्रशंसा जायसवाल ने उपस्थिति पंजिका पर चार-पांच दिन से हस्ताक्षर नहीं किए थे। इस पर दोनों को अनुपस्थित कर दिया गया। डॉ. मनोज कुमार, डॉ. प्रीति त्रिपाठी व डॉ. रतन सेन वर्मा से भी बाकी स्वास्थ्य कर्मियों के बारे में जानकारी ली।
फार्मासिस्ट जितेंद्र नारायण व डार्क रूम सहायक सूर्य प्रताप सिंह बिना अनुमति के ड्यूटी से गायब मिले। डार्क रूम सहायक के मामले में डिप्टी सीएमओ को एलटी राहुल कुमार ने ऑनलाइन प्रार्थना पत्र देने की बात कहकर गुमराह करने का प्रयास किया, जिस पर डिप्टी सीएमओ ने नाराजगी जताई।
दोनों डॉक्टरों के बारे में एक्सरे टेक्नीशियन धर्मेंद्र चौधरी ने भी गुमराह किया, जिससे उनका पारा चढ़ गया। एसीएमओ ने बताया कि निरीक्षण में सीपीएम शिवभूषण श्रीवास्तव, आईटी अनूप कुमार सर्वेश पाल और एएनएम कंचन श्रीवास्तव अनुपस्थित रहे, जो कि लखनऊ में हड़ताल में गए हैं। उन्होंने इमरजेंसी में आने वाले मरीजों और लेबर रूम में आने वाली महिलाओं के त्वरित इलाज के निर्देश दिए।