बस्ती/कलवारी। भाजपा पदाधिकारियों की ओर से मंगलवार को साऊंघाट मंडल में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान मोदी- योगी सरकार के विजन- 2047 का उद्देश्य विस्तार से बताया गया। लोगों को आत्म निर्भर बनने के लिए प्रेरित भी किया गया।
मुख्य अतिथि भाजयुमो के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद पांडेय ने कहा कि भारत को फिर विश्व गुरु बनाने के लिए हर नागरिक को अपनी सोच बदलनी होगी। मोदी एवं योगी की डबल इंजन की सरकार लगातार लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके पीछे देश की तरक्की का उद्देश्य है। इसीलिए भाजपा सरकार रोजगार परक योजनाएं चला रही है। नौजवान, कारीगर, महिलाएं, किसान, श्रमिक हर तबका इसका फायदा उठा सकता है। कृषि कार्य के लिए तमाम नई तकनीक का विस्तार किया जा रहा है। फसल उत्पादन की अच्छी कीमत मिले इसके लिए प्रोसेसिंग इंडस्ट्री लगवाई जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के 11 साल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 8 साल के कार्यकाल में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। तरक्की के द्वार हर तरफ खुल गए हैं। मंडल अध्यक्ष कमलेंद्र चौहान, सतपाल यादव, राजन कुमार, शीला देवी, संगीता देवी आदि मौजूद रहे।