सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव संवाद
बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा रविवार को अचानक स्थगित कर दी गई। दरअसल, आयोजक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने शनिवार को भाजपा की राज्यसभा सांसद संगीता यादव को आमंत्रित कर शुभारंभ कराया था।
समापन समारोह के लिए फोन पर सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव को आमंत्रित किया गया तो आमंत्रण ठुकराते हुए इसमें शामिल होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद रविवार की सुबह फाइनल मुकाबलों के लिए पहुंचे खिलाड़ियों को स्टेडियम से लौटा दिया गया।
जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में शासन की ओर से विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन कराया जा रहा है। आयोजन की जिम्मेदारी युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल को सौंपी गई है।
पहले चरण में बस्ती सदर क्षेत्र में स्पर्धा होनी थी। शनिवार को स्टेडियम में इसका शुभारंभ हुआ जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। रविवार को समापन होना था।
फाइनल मुकाबलों के लिए खिलाड़ी सुबह स्टेडियम में पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि स्पर्धा फिलहाल स्थगित कर दी गई है और नई तिथि तय होने पर इसकी सूचना दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि विधायक के नाम पर हो रही स्पर्धा के उद्धाटन समारोह में भाजपा की राज्यसभा सांसद संगीता यादव को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था। वहीं, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग सदर विधायक को बुलाया ही नहीं गया। इससे विधायक महेंद्र नाथ यादव आहत हुए और जब शनिवार की रात उन्हें समापन समारोह में आमंत्रित करने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने इसमें शामिल होने से मना कर दिया।