दुबौलिया। गोकुलपुर नहर पुलिया के नीचे 3 सितंबर 2023 को मिले शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। नहर के पानी में शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला। शुरुआती पंचनामा में शव महिला का बताया गया, लेकिन 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम में शव पुरुष का निकला। शव के बाल लंबे थे और वह साधू जैसे प्रतीत हो रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गले में रस्सी के तीन चक्कर कसकर डाले गए थे, जिससे गले की हड्डियां टूट गई थीं और जुबान नीचे दब गई थी।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों अयोध्या, गोंडा और अंबेडकरनगर में खोजबीन की। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक और रेलवे स्टेशनों पर पंपलेट चस्पा किए गए। अयोध्या के मंदिरों और हनुमानगढ़ी सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी संपर्क किया गया। मृतक को मिले बोरे की कंपनी तक पुलिस ने जाकर पूरी जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
प्रभारी निरीक्षक केके साहू ने बताया कि सभी प्रकार के प्रयास किए जा चुके हैं, लेकिन शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इस रहस्यमयी और निर्मम हत्या ने इलाके में सन्नाटा फैला दिया है और पुलिस अब भी इस मामले का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।