जिले के 15 विद्यालयों को मिले स्थायी प्रधानाचार्य
विक्रमजोत/बस्ती। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज की ओर से बीते सप्ताह 2011 में हुए साक्षात्कार के बाद रुका प्रधानाचार्य का रिजल्ट घोषित कर दिया है। जिससे बस्ती जिले के पंद्रह माध्यमिक विद्यालयों में स्थायी प्रधानाचार्य मिलने की उम्मीद पक्की हो गई है।
सत्र 2011 से पूर्व सत्रों से ही विद्यालयों से प्रधानाचार्यों के सेवानिवृत्त होने के बाद अब तक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। जिसकी जगह कार्यवाहक व तदर्थ प्रधानाचार्यों से कार्य कराया जा रहा था। जिसके चलते कई विद्यालयों में वरिष्ठता जैसी समस्याओं की स्थिति उत्पन्न होने से विवाद की स्थिति भी बनी। रिजल्ट घोषित होने से एक और जहां विद्यालय को स्थायी प्रधानाचार्य मिले हैं। वहीं, पठन-पाठन सहित अन्य कार्य में सुधार होने की उम्मीद जगी है।
बता दें कि जनपद के कुल पंद्रह माध्यमिक विद्यालयों में इंटर स्तर के अनुदानित विद्यालयों में सात, हाईस्कूल स्तर के बालक वर्ग के सात व हाईस्कूल स्तर के बालिका वर्ग के एक विद्यालय के प्रधानाचार्यों का चयन हुआ है। घोषित परिणाम रिजल्ट में कई जगहों पर वरिष्ठ रहे प्रथम वरीयता वाले चयनित प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में द्वितीय वरीयता के अभ्यर्थियों की नियुक्ति का अवसर साफ हो गया है।