सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा अंग्रेजी का पेपर।
- फोटो : BASTI
प्रशासन की सतर्कता के बावजूद नकल माफिया के हौसले बुलंद हैं। दुबौलिया क्षेत्र के राकेश कुमार मिश्र-मीरा देवी इंटर कॉलेज केवटली में सोमवार को इंटरमीडिएट नागरिक शास्त्र की जगह अर्थशास्त्र का पेपर का बंडल खोल दिया गया। यह मामला अभी निपटा भी नहीं था कि बुधवार को इंटरमीडिएट अंग्रेजी का पेपर आउट होने की सूचना प्रकाश में आई। सोशल मीडिया पर दोपहर 12 बजे अंग्रेजी प्रश्नपत्र की लिखी कापी वायरल होने लगी।
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार सोशल मीडिया पर अंग्रेजी प्रश्नपत्र की हल कापी वायरल होने के बाद रामप्यारे चौधरी इंटर कॉलेज रेहरवा में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने दूसरी पाली में छापा मार दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अफरातफरी मच गई।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने केंद्र का कोना- कोना चेक किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी फुटेज से कापियों से मिलान भी किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि जांच में कई तरीकों से नकल कराने के मामले प्रकाश में आए हैं। इस प्रकरण में विद्यालय के प्रबंधक की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।
कक्ष निरीक्षक व स्कूल प्रबंधक के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। उधर, थानाध्यक्ष सौदागर राय ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।