संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बिहार में शराब बंदी के बाद से अंग्रेजी ब्रांड के शराब की मांग काफी बढ़ी हुई है। इधर दो माह से फोरलेन और रामजानकी मार्ग से इसकी तस्करी काफी तेज हो गई है। बिहार तक जाने वाली ट्रेनों में भी कई बार शराब की बरामदगी हो चुकी है।
माना जा रहा है कि होली को देखते हुए इसका स्टॉक बनाया जा रहा है। इसके लिए हरियाणा में बनने वाली शराब की लग्जरी कारों में तस्करी की जा रही है।
25 दिसंबर के बाद से ऐसी दो कार की दुर्घटना हुई जिसमें अवैध अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। हैरानी की बात है कि इस साल पुलिस जांच या सुरागकशी कर अंग्रेजी शराब की एक भी बरामदगी नहीं कर पाई। 25 दिसंबर को लुंबिनी-दुद्धी हाईवे पर नगर थाना क्षेत्र के खुटहन गांव के पास किसी वाहन ने कार में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार में सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो कार की डिक्की में अंग्रेजी शराब की 129 बोतलें मिलीं। पुलिस की जांच में पता चला कि दिल्ली से तस्करी कर शराब बिहार ले जाई जा रही थी। कार के भीतर से तीन नंबर प्लेट दो दिल्ली और एक बिहार का मिला। इसके अलावा अंग्रेजी शराब की कई बोतलें मिली थीं।
ऐसा ही मामला मंगलवार को मुंडेरवा थाना क्षेत्र में सामने आया। उसमें भी दिल्ली का नंबर लिखी दुर्घटनाग्रस्त लग्जरी कार में 343 बोतल अंग्रेजी शराब मिली।
इसमें भी तस्करों काे पुलिस नहीं पकड़ पाई। कार के नंबर के आधार पर दिल्ली के शालीमार बाग पश्चिम निवासी नितिन कटियार की पहचान कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।