वाणिज्य निदेशक की बैठक का अभियंताओं ने किया विरोध
बस्ती। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता कार्यालय में बृहस्पतिवार को हुई राजस्व समीक्षा बैठक में कोरोना संक्रमण से बचाव की गाइड लाइंस का मखौल उड़ाया गया। बैठक से पहले अभियंताओं ने हंगामा किया, लेकिन आधिकारियों के दबाव में उन्हें बैठक में भाग लेना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक पावर कारपोरेशन वाणिज्य निदेशक ओपी दीक्षित बृहस्पतिवार विद्युत निगम पहुंचे। उन्होंने अभियंताओं के साथ राजस्व समीक्षा बैठक की। बैठक में संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर के अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंताओं ने भाग लिया। बस्ती के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी व अवर अभियंताओं ने बैठक में हिस्सा लिया। बैठक से पहले अभियंताओं ने बताया कि कुछ दिन पहले विभाग में कई लोग कोरोना पॉजटिव पाए गए थे। ऐसे में सामूहिक समीक्षा बैठक जनहित में नहीं है। जबकि, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा विभागीय समीक्षा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से करते हैं। हालांकि इसमें सामाजिक दूरी का पालन किया गया। बैठक में एसई, एक्सईएन संतोष कुमार, अमित कुमार, एसडीएम मनोज यादव, राम इकबाल, मोहित कुमार, जेई आशुतोष लाहिड़ी, अभिषेक चंद्र ओझा, अभिषेक कुमार, जितेंद्र मौर्य, राघवेंद्र प्रताप, हरिश्चंद्र आदि मौजूद रहे।
‘राजस्व पर दें विशेष ध्यान’
वाणिज्य निदेशक ओपी दीक्षित ने अभियंताओं को निर्देश दिए कि कंटेंमेंट क्षेत्रों को छोड़कर अन्य जगहों पर अभियान चलाकर राजस्व वसूली की जाए। बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई में तेेजी लाएं और उनके कनेक्शन अभियान चलाकर काटे जाएं। कहा कि पांच किलोवाट से ऊपर के कनेक्शनों का बिल भुगतान हर महीने सुनिश्चित कराया जाए।