किडनी की समस्या से पीड़ित बीटेक छात्र अनूप मिश्र।
- सदर क्षेत्र के छबिलहा खोर के रहने वाले अनूप लखनऊ से कर रहे बीटेक
- सोशल मीडिया पर भी की थी मदद के लिए अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सदर ब्लॉक क्षेत्र के छबिलहा खोर गांव के रहने वाले इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष के अनूप मिश्र (19) की दोनों किडनी खराब हो गई हैं। एसजी पीजीआई लखनऊ के चिकित्सकों ने अनूप की दोनों किडनी का प्रत्यारोपण जरूरी बताया तो परिवार पर विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा। डायलिसिस पर चल रहे अनूप के आवेदन पर मुख्यमंत्री राहत कोष से चार लाख की मदद मिली। सोशल मीडिया के जरिये जानकारी मिलने के बाद अडानी ग्रुप ने सात लाख रुपये की मदद दी है।
छबिलहा खोर निवासी कृष्ण भगवान मिश्र का बेटा अनूप लखनऊ के राम स्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र है। मार्च में अनूप की तबीयत बिगड़ी तो परिजनों ने डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में भर्ती कराया। जांच में किडनी में समस्या सामने आई तो चिकित्सकों ने पीजीआई रेफर कर दिया। वहां बताया गया कि अनूप की दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं। चिकित्सकों ने किडनी प्रत्यारोपण न होने तक अनूप को डायलिसिस पर रखने की सलाह दी। किडनी प्रत्यारोपण का खर्च पता चलने पर पूरा परिवार निराश हो गया।
डायलिसिस पर रहते हुए अनूप ने मुख्यमंत्री राहत कोष में आवेदन करने के साथ ही सोशल मीडिया पर मदद के लिए अपील की। सीएम राहत कोष से चार लाख रुपये की मदद दी गई है। वहीं सोशल मीडिया के जरिये अनूप की तकलीफ पता चलने पर अडानी समूह ने भी मदद की है। अनूप ने इसके लिए सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री और अडानी के प्रति आभार जताया है। सहायता मिलने के बाद अनूप के परिवार को आशा की किरण दिखाई दी है। पिता कृष्ण भगवान ने बताया कि अभी पीजीआई में किडनी प्रत्यारोपण के लिए तिथि निर्धारित नहीं हुई हैं। इससे पहले होने वाली जरूरी जांच कराई जा रही है। यदि मुख्यमंत्री और अडानी ग्रुप से मदद न मिलती तो बेटे का इलाज करा पाना संभव नहीं था।