बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर कार्यालय पर अधिशासी अभियंताओं ने प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। गोरखपुर के अधिशासी अभियंता विद्युत अरुण कुमार श्रीवास्तव पर जानलेवा हमला करने वाले विभाग के पांच अवर अभियंताओं के विरुद्ध विभागीय और प्रशासनिक कार्रवाई के लिए सोमवार को मुख्य अभियंता कार्यालय पर बस्ती जोन से जुड़े सात अधिशासी और 18 सहायक अभियंताओं ने कार्य नहीं किया।
कहा कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद विभाग और प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं अभियंता संघ के क्षेत्रीय सचिव विशाल वर्मा ने बताया कि सेंट्रल कमेटी के निर्णय पर कार्य बहिष्कार वापस ले लिया गया है। आज से अभियंता कार्य करेंगे।
धरने में वक्ताओं ने कहा कि पांच मार्च 2016 को गोरखपुर के एक्सईएन अरुण कुमार श्रीवास्तव के साथ विभाग के कुछ अवर अभियंताओं ने मारपीट और जानलेवा हमला किया। जिसे लेकर पांच नामजद जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मगर आज तक न तो दोषी अवर अभियंताओं के विरुद्घ विभागीय कार्रवाई की गई और न प्रशासन ने इस मामले में कोई कार्रवाई की। कार्रवाई न होने से उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ से जुड़े सभी अभियंताओं में नाराजगी है। कहा कि अगर 21 मार्च तक कोई कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश में कंपनी मुख्यालय, क्षेत्रीय परियोजना मुख्यालयों और जिला मुख्यालयों पर विरोध स्वरूप सभाएं की जाएंगी और इसी दिन निर्णायक लड़ाई की घोषणा होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय सचिव विशाल वर्मा और संचालन अमित कुमार ने किया। इस मौके पर रितेश कुमार कौशल, एक्सईएन जीएन मिश्र, बीएल सिंह, अमर सिंह, एके सिंह, वीके मिश्र, एके चौधरी, एई दीपक सिंह, मोहित कुमार, शिवेंद्र प्रताप सिंह, मनोज कुमार यादव, अजय मौर्य, परवेज अख्तर, अरविंद सिंह, प्रवीन कुमार तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।