बस्ती। स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण में बालिकाओं तथा विशेष समुदाय के नामांकन पर जोर रहेगा। इनका नामांकन बढ़ाने के लिए बीईओ को निर्देश दिए गए हैं। बीईओ गांवों का भ्रमण कर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों के नामांकन के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
बीएसए अनूप कुमार ने बीईओ को लिखे पत्र में कहा है कि बालिकाओं की पढ़ाई में रुचि बनाए रखने के लिए मीना मंच के बच्चों से विद्यालय स्तर पर नाटक का मंचन एवं कामिक्स पर आधारित कहानियों का वाचन एवं चर्चा कराई जाए। आउट आफ स्कूल बच्चों के चिह्नांकन एवं नामांकन के लिए मलिन बस्तियों, झुग्गी झोपड़ियाें, रेलवे स्टेशन के पास, ओवरब्रिज के नीचे अस्थायी आवास में रहने वाले परिवारों तथा जनजाति एवं घुमंतू समुदायों पर भी विशेष ध्यान देने के लिए कहा है। बीईओ इन स्थानों एवं गांवों का भ्रमण करें तथा अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों का नामांकन स्कूलों में कराने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने आउट आफ स्कूल बच्चों को चिह्नित करने में कोई लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है। कहा है कि 6 से 14 वर्ष की आयु का कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित न रहने पाए।