विद्युतकर्मियों ने किया प्रदर्शन
मुख्य अभियंता कार्यालय पर पहुंचे निगमकर्मियों ने दी कार्य न करने की चेतावनी
संवाद न्यूूज एजेंसी
बस्ती। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ की ओर से सोमवार को आंदोलन के तीसरे चरण में मुख्य अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ऊर्जा निगमों में कार्यरत टैक्नीशियन कार्मिकों की प्रबंधन की ओर से की जा रही अनदेखी को लेकर नारेबाजी की गई।
जिला अध्यक्ष अजय पांडेय ने कहा कि यांत्रिक संवर्ग की तमाम समस्याओं व मांगों के समाधान के लिए पांच फरवरी से प्रदेश के टेक्नीशियन कार्मिक आंदोलनरत हैं। संघ के जोनल सचिव अमर गौतम ने कहा कि संघ कभी भी किसी आंदोलन के बजाय शांतिपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से समाधान का ही पक्षधर रहा है। लेकिन ऊर्जा प्रबंधन की ओर से लगातार अड़ियल रुख अपनाया जा रहा है। इस कारण टकराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। अब अति आवश्यक सेवाओं व उपकेंद्र परिचालन के अतिरिक्त राजस्व वसूली, विद्युत विच्छेदन, कैश काउंटर समेत अन्य किसी प्रकार के विभागीय कार्य नहीं किए जाएंगे। जिला सचिव मनीष कुमार शर्मा ने कहा कि यदि ऊर्जा प्रबंधन समस्याओं का समाधान नहीं करता है, तो हम आंदोलन में मजबूती से संघर्ष करेंगे। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष कमलाकांत श्रीवास्तव, संरक्षक नंद लाल प्रजापति, सुरेंद्र निषाद, संतोष कुमार, सुनील कुमार, विजय कुमार, रामस्वरूप, राजाराम यादव, अनिल कुमार, राजकुमार, दयाशंकर, प्रदीप कुमार, अर्जुन कुमार, श्याम, राजेश कुमार, भूपेंद्र यादव, हरीश कुमार, शरद पांडेय, वीरेंद्र शर्मा, लालचंद, कौशल कुमार, पंकज पुष्पाकर व अन्य मौजूद रहे।