गौर। हर्रैया से मिलने वाली 33 केवी के मेन सप्लाई मंगलवार को सुबह 7:30 बजे तेज आंधी और बारिश के चलते बाधित रही। बभनान और हर्रैया के बीच में फाॅल्ट होने से गौर फीडर के 40 गांवों में 8.30 घंटे लोगों को बिना बिजली के काटना पड़ा।
मौसम अच्छा होने से कोई खास दिक्कत नहीं हुई, लेकिन बिजली कटौती से लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।मौसम के बदले मिजाज से बभनान पावर हाउस के गौर फीडर पर सुबह ही फॉल्ट हो गया। इसकी वजह से करीब 40 गांवों में बिजली उपभोक्ताओं को सुबह 7:30 बजे सुबह से शाम चार बजे तक बिजली नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि हर्रैया से पावर हाउस को आपूर्ति की जाने वाली 33 केवी का मेन सप्लाई का तार तेज हवा के चलते शाॅर्ट हो गया, जिससे लाइन में फाॅल्ट आ गया। बिजली कर्मचारियों को फाॅल्ट ठीक करने में पूरे दिन लग गया।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने शाम चार बजे के बाद किसी तरह से फाॅल्ट को ठीक कर सप्लाई आपूर्ति बहाल कराई। बिजली बाधित होने से उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत घरों में छोटे बच्चों को लेकर हुई। मोबाइल चार्ज न होने से अधिकांश लोगों का एक-दूसरे से संपर्क कट गया था। वहीं सुबह में ही कटौती हो जाने से पानी की भी दिक्कत हुई।