जर्जर व कमजोर तार और अस्त व्यस्त लाइन की समस्या को दूर करने के लिए बिजली विभाग ने व्यवस्था कर लिया है। विभाग सभी जर्जर लाइन और पुराने ट्रांसफार्मर बदलने जा रहा है। करीब 180.39 करोड़ रुपये खर्च करके विभाग ऐसी व्यवस्था बनाने जा रहा है कि आने वाली गर्मी में बिजली कटौती और अचानक खेतों में तार टूटकर गिरने की समस्या दूर हो जाएगी। इसके साथ ही लो वोल्टेज होने की शिकायत भी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
जिले में विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय, तृतीय और हर्रैया मिलकर करीब चार लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दे रहे हैं। इनमें पुरानी और जर्जर लाइनों के कारण गर्मी व खराब मौसम में आपूर्ति बनाए रखने में दिक्कतें आती हैं। पुराने ट्रांसफार्मर और जीआई तारों के कारण उपभोक्ताओं को गर्मी में लो वोल्टेज की शिकायत करते रहते हैं। गर्मी में बिजली खपत बढ़ने पर पुराने तार खुद ही टूटकर गिरते रहते हैं।
अब इससे उपभोक्ताओं को छुटकारा मिलने जा रहा है। आगामी गर्मी उन्हें राहत देने वाली होगी। विद्युत वितरण मंडल अधीक्षण अभियंता एसके आर्या ने बताया कि दिसंबर 2021 में रीवैंप योजना के तहत प्रस्ताव भेजे गए थे। स्वीकृति मिल गई है। योजना के तहत उपभोक्ता की समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। संसाधन नए होने के बाद आपूर्ति बेहतर होगी। अभी एलटी लाइन का सर्वे कार्य चल रहा है। जल्द ही काम शुरु करा दिया जाएगा।
हटाए जाएंगे एल्यूमीनियम और जीआई तार
रीवैंप योजना में एलटी लाइन के एल्यूमीनियम और जीआई तारों को हटाकर एबी केबल लगाई जाएगी। पुराने और जर्जर हो चुके तारों के कारण लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। 1103 किमी एबी केबल लगाने में विभाग करीब 67.70 करोड़ रुपये खर्च करेगा। 70 किमी 33 केवी लाइन बनाने में 4.75 और 296 किमी 11 केवी लाइन बनाने में 9.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
1,277 ट्रांसफार्मर बढ़ाएंगे वोल्टेज
गर्मी में उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की अधिक समस्या रहती है। लेकिन ट्रांसफार्मर पुराने होने के कारण विभाग हाथ खड़े कर लेता है। रीवैंप योजना में इसका समाधान हो जाएगा। योजना में 10 केवीए के 940, 16 केवीए आठ, 25 केवीए 220, 40 केवीए 97, 63 केवीए 10 और 100 केवीए के दो ट्रांसफार्मर हटाकर इनकी जगह 1,277 गए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
- एबी केबल में बदली जाएगी एल्यूमीनियम और जीआई तारों की 1103 किलोमीटर एलटी लाइन
- 70 किलोमीटर 33 केवी और 296 किमी बदली जाएगी 11 केवी लाइन
- पुराने की जगह लगाए जाएंगे 1,277 नए ट्रांसफार्मर
- दूर होगी लो वोल्टेज और फाल्ट की समस्या
- एबी केबल से रुकेगी बिजली चोरी