ब्रेकर की ओवरहालिंग शुरू, मिलेगी भरपूर बिजली
भानपुर विद्युत उपकेंद्र के उपभोक्ताओं को होगा लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। विद्युत उपकेंद्र की बदहाल व्यवस्था को सुधारने के लिए वहां लगीं मशीनों की ओवरहालिंग का काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। खराब पड़ीं मशीनों की मरम्मत से शीघ्र ही व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा।
इस बाबत एसडीओ मनोज कुमार ने बताया कि ब्रेकर मशीनों की ओवरहालिंग से 11 केवी लाइन की ट्रिपिंग व ब्रेक डाउन में सुधार होगा, जिससे बिजली दुर्घटनाओं में कमी आएगी। साथ ही तार टूट कर गिरने की समस्या से भी निजात मिल जाएगी। अभी पिछले माह ही अवर अभियंता ने उपकेंद्र की खराब पड़ चुकीं मशीनों के सहारे विद्युत आपूर्ति से दुर्घटना की आशंका जताते हुए अफसरों को पत्र लिखा था। कहा था कि इसे फौरी तौर पर ठीक कराना जरूरी है। जिसे संज्ञान लेकर जिम्मेदारों ने व्यवस्था में सुधार की कार्रवाई शुरू की है।
नए फीडर से जोड़ने के लिए 15 दिन समय मांगा
भानपुर कस्बे को नए फीडर से आपूर्ति के लिए एसडीओ ने 15 दिन का समय मांगा है। व्यवस्था सुधार के लिए एसडीओ मनोज कुमार ने कहा कि सब कुछ ठीक रहा तो 15 जुलाई तक जोड़ दिया जाएगा। मंगलवार को बलवंत सिंह व बब्लू सिंह के नेतृत्व में सोनू सिंह, शनि गौड़, गुलाम हुसैन, राजू सिंह, दुर्गा पाण्डेय, लल्लन सिंह, महेश सिंह, विनोद सिंह, गिरजेश कुमार सिंह ने बिजली की समस्या को लेकर विधायक संजय प्रताप से शिकायत दर्ज कराई। विधायक के हस्तक्षेप से एसडीओ ने शिकायतकर्ताओं को लिखित आश्वासन दिया कि आगामी 15 जुलाई तक कस्बे की आपूर्ति नए फीडर से शुरू करा दी जाएगी।