सोनहा। थानाक्षेत्र के फेरसम गांव में शुक्रवार को शाम करीब चार बजे नगर पंचायत की तरफ से लगाई गई स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतर रहे करंट की चपेट में आकर 12 वर्षीय अंश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानपुर ले गए। यहां पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद राजभर मौके पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
फेरसम निवासी बालकेश गुप्ता का पुत्र अंश गुप्ता (12) कक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम को करीब चार बजे गांव के बच्चों के साथ घर के सामने खेल रहा था। घर के सामने नगर पंचायत द्वारा स्ट्रीट लाइट के खंभे के संपर्क में आते ही उसे तेज झटका लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। जानकारी होते ही परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए। लेकिन यहां पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। अंश की मौत से छोटे भाई व मां सरिता का रो-रोकर बुरा हाल था।