चुनावी तापमान बढ़ा गए पीएम मोदी
बस्ती। पीएम नरेंद्र मोदी ने पॉलीटेक्निक में आयोजित चुनावी जनसभा में परिवारवादियों पर जमकर निशाना साधा। सेना व जन कल्याण के लिए किए गए कार्यों को देश हित में बताया। बिना किसी दल का नाम लिए पीएम ने कहा कि परिवारवादी अपने स्वार्थ व कमीशन के लिए काम करते हैं, जबकि भाजपा सरकार ने जन कल्याण के लिए काम किया है। मोदी ने जन सभा के माध्यम से लोगों की नब्ज भी टटोली। मोदी की जनसभा के बाद जिले में चुनाव तापमान बढ़ा दिया है।
उपमुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि गरीबी का दर्द मैंने व पीएम नरेंद्र मोदी ने जाना है। जब बारिश में घर का छत टपकता है तो उस समय लकड़ी की सीढ़ी से मां छत पर चढ़कर उसे बंद करती है। यह क्रम पूरी रात चलता है। प्रधानमंत्री ने माताओं व बहनों के दर्द को पहचान कर छत विहीन को प्रधानमंत्री आवास दिया, महिलाओं की इज्जत के लिए हर घर को शौचालय दिया है। कोरोना काल के दर्द को भी पीएम ने शिद्दत से महसूस कर हर थाली में भोजन की व्यवस्था भी पीएम ने की है। इससे पहले जन सभा को उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि योगी सरकार ने आम जन के लिए जितना कार्य किया है। अब तक किसी सरकार ने नहीं किया। सड़कों का जाल बिछाया तो शहर में 24 और गांव में 22 घंटे बिजली दी है। इससे पहले की सरकार में किसानों को सिंचाई के लिए पूरी रात खेत में बिताना पड़ता था। कोरोना कॉल की वैश्विक महामारी में सभी को खाद्यान्न दिया। इसके अलावा गरीबों को चना, तेल, गेहूं व चावल के अलावा उज्ज्वला योजना से निशुल्क रसोई गैस उपलब्ध करा दिया।
अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने पीएम मोदी का स्वागत किया। कार्यक्रम को सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक प्रत्याशी दयाराम चौधरी, रुधौली की प्रत्याशी संगीता जायसवाल, हर्रैया के प्रत्याशी अजय सिंह, महादेवा के प्रत्याशी रवि सोनकर आदि ने संबोधित किया।