नगर बाजार (बस्ती)। बकैनिया गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय के सामने बस की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक थोड़ी दूरी पर बस छोड़कर भाग गया।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के ग्राम मरवटिया बाबू निवासी 76 वर्षीय राम कुमार यादव साइकिल से बृहस्पतिवार की दोपहर किसी काम से जा रहे थे। वह ग्राम बकैनिया द्वीप स्थित कंपोजिट विद्यालय के सामने सड़क पर पहुंचे थे। इसी बीच अवध एक्सप्रेस लिखी बस की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। बताया कि हादसे के बाद चालक बस को कूड़ी गांव के पास छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। चालक का पता लगाया जा रहा है। संवाद