बस्ती। नंद बाबा दुग्ध मिशन की नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में शामिल जनपद में आठ इकाई बनेगी। इससे यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा और पशुपालन के जरिये आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे।
शुक्रवार को सीडीओ की अध्यक्षता में गठित टीम के सामने सभागार में आठ डेयरी प्लांट के लिए ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई, जिसमें आठ पशु किसानों का का चयन किया गया। लॉटरी को लेकर सुबह से ही विकास भवन में गहमागहमी रही।प्रदेश सरकार ने युवाओं को गाय पालन के जरिये दुग्ध उत्पादन के रोजगार से जोड़ने के लिए नंद बाबा दुग्ध मिशन की नदिंनी कृषक समृद्धि योजना शुरू की है।
योजना के तहत प्रत्येक परियोजना इकाई की लागत 23.60 लाख रुपये के करीब है। लाभार्थी को लागत पर 50 फीसदी का अनुदान दिया जाएगा। 35 प्रतिशत अंश बैंक लोन के जरिये देगी जबकि 15 प्रतिशत धन ही लाभार्थी को वहन करना होगा। 23.60 लाख की परियोजना पर साहीवाल अथवा थारपारकर नस्ल के 10 गोवंश पालने, हरे चारे की व्यवस्था समेत दुग्ध उत्पादन की व्यवस्था होगी।
जिले को इस योजना के तहत चयनित किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि कुल 136 आवेदन आए थे। इसमें 96 आवेदन स्वीकार किए गए। शेष रिजेक्ट हो गए थे। आठ पशु किसानों का चयन हुआ है।
जिन किसानों का चयन हुआ है उसमें शिव कुमार सिंह टिनिच शुक्ल गौर, अभिषेक सिंह धवाय भानपुर, अरुण कुमार सिंह रमवापुर महुआडाबर गौर, अभिषेक पाठक बंजरिया, राममूरत रामपुर बस्ती, प्रताप नारायन मिश्र सल्टौआ, मो. शाहिद मटिहरिया और चंद्र किशोर हरिहरपुर शामिल हैं।